उत्तर भारत के अधिकांश हिस्से में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। लेकिन एक बार फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। बीती रात पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजधानी दिल्ली में देर रात तेज बारिश हुई, जिससे तापमान में हल्की गिरावट महसूस की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज सुबह हल्का कोहरा रहने के आसार है। वहीं, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में भी दिन में हल्की बारिश दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश समेत आठ राज्यों में कोहरे और तीन राज्यों में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। कोहरे के कारण आज इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कई उड़ानें लेट हैं।केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सुबह सात बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 321 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को गंभीर श्रेणी में माना जाता है।