अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा महिला स्वास्थ्य जागरूकता रैली “शक्ति वॉकथॉन” का आयोजन किया गया। अटल पथ भोपाल से प्रारंभ हुई शक्ति वॉकथॉन में 2000 से अधिक महिलाओं ने बढ़-
चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के संदेश को सशक्त बनाया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री संदीप यादव, आयुक्त स्वास्थ्य श्री तरूण राठी, मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिडाना, वरिष्ठ संयुक्त संचालक एवं स्टेट नोडल अधिकारी (प्रिवेंटिव गायनोकॉलोजी, ऑन्कोलॉजी एवं इनफर्टिलिटी) एवं संचालक राज्य आईईसी ब्यूरो डॉ. रचना दुबे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।रैली के दौरान “शक्ति” (स्प्रेडिंग हेल्थ अवेयरनेस एंड नॉलेज थ्रू टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन) पहल के लोगो का अनावरण किया गया। इस अवसर पर पांच ऐसी महिलाओं को सम्मानित किया गया जो सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर से विजयी होकर स्वस्थ जीवन जी रही हैं, साथ ही उन महिलाओं को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने दीर्घकालिक उपचार के पश्चात मातृत्व सुख प्राप्त किया। रैली में जुम्बा और अन्य फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे महिलाओं में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति रुचि बढ़ी। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और विभिन्न संस्थानों के सदस्य उपस्थित रहे। शक्ति वॉकथॉन न केवल महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का प्रतीक बना, बल्कि इसमें महिलाओं के उत्साह और आत्मविश्वास का अनूठा संगम भी देखने को मिला।