ओडिशा में तेज गर्मी का प्रकोप बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के नौ जिलों का तापमान 39 से 40 डिग्री के बीच रहा। मंगलवार को भी राज्य में गर्मी कम होने के आसार नहीं हैं। इसके चलते मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का मौसम बना हुआ है। 1 मार्च से 17 मार्च तक प्रदेश में 75.6 मिमी बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग ने बताया कि आज राज्य में बारिश की संभावना नहीं है। बुधवार से बारिश का दौर फिर शुरू होगा।
लाहौल-स्पीति का केलॉन्ग राज्य में सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान -5.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, धौलाकुआं सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा।पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ का असर होने के बाद अब गर्मी बढ़ने लगेगी। बीते 24 घंटों के तापमान में अभी अधिक बदलाव नहीं आया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.2°C की वृद्धि दर्ज की गई है, हालांकि यह राज्य में सामान्य के करीब है।छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच फिर मौसम बदलने वाला है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से कल यानी 19 मार्च से 21 मार्च तक रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।