मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना में बुधवार को तेज बारिश की संभावना है। साथ ही ओले भी गिर सकते हैं। गुजरात के सौराष्ट्र, आंध्र प्रदेश के 30 मंडलों, नॉर्थ ईस्ट के मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और नगालैंड में हीटवेव चल सकती है। राजस्थान में कई जिलों में पारा 35° से 40° डिग्री के बीच पहुंच सकता है। महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हो सकती है। केरल में भारी बारिश का अलर्ट है।ओडिशा में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने से बागान, बागवानी, खड़ी फसलें, कमजोर ढांचे, कच्चे घर, दीवारें और झोपड़ियां क्षतिग्रस्त हो सकती हैं। मौसम विभाग ने घर के अंदर रहने, आंधी के समय खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने कहा है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को जोड़ने वाला श्रीनगर-लेह NH1 दोबारा खुल गया है। बर्फबारी के कारण यह 33 दिन बंद रहा। हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है।मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम, खंडवा, नरसिंहपुर समेत 8 जिलों में बुधवार को ओले गिरने का अलर्ट है। भोपाल-जबलपुर में तेज आंधी चल सकती है। इसकी रफ्तार 40 से 50 किमी प्रतिघंटा तक रह सकती है।छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर और सरगुजा संभाग में आज से दो दिन बारिश का अलर्ट है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारे पड़ेंगी। ओले गिर सकते हैं। रायपुर में सुबह से बादल छाए हुए हैं।
