कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुये पांच विकेट पर 200 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया और बाद में हैदराबाद की पारी को 16.4 ओवर के खेल में 80 रन पर समेट दिया। कोलकाता ने आज खेल के हर विभाग में हैदराबाद को बौना साबित कर दिया।
ईडन गार्डन मैदान पर क्विटन डी कॉक (1) और सुनील नारायण (7) के विकेट तीसरे ओवर के बीच में ही उखड़ चुके थे और स्कोरबोर्ड पर सिर्फ 16 रन टंगे थे। इन मुश्किल हालात में आंजिक्य रहाणे ने समझदार कप्तान का फर्ज निभाते हुये दवाब को हावी नहीं होने दिया। उन्होने अंगकृष रघुवंशी के साथ 81 रन की तेज भागीदारी निभायी हालांकि इस बीच कप्तान जीशान अंसारी की गेंद पर विकेट के पीछे लपक लिये गये।
रहाणे के क्रीज से हटते ही युवा रघुवंशी की लय बिगड़ी,नतीजन वह भी अर्धशतक पूरा करने के तुरंत बाद कामिंडु मेंडिस की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। दो सेट बल्लेबाजों के आउट होने पर हैदराबाद के खेमे में खुशी की लहर दौड़ गयी मगर वेंकटेश अय्यर और रिकू सिंह की नयी जोड़ी ने पिच पर अपना खूंटा गाड़ दिया और 91 रन की एक और भागीदारी निभायी। वेंकटेश पारी के अंतिम ओवर में हर्षल पटेल का शिकार बने मगर आउट होने से पहले वह सात चौकों और तीन छक्कों के सहारे टीम के लिये अपना योगदान दे चुके थे।