मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए बिहार, छत्तीसगढ़ समेत 17 राज्यों में आंधी और तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है। झारखंड में ओले गिरने के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा देश के दक्षिणी राज्यों में तेज बारिश की आशंका है। गुजरात में हीट वेव और उमस बनी रह सकती है।कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना के अलग-अलग इलाकों में बारिश हुई।दिल्ली में बीते दिन सीजन का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा।राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से कल देर शाम पूर्वी राजस्थान के जिलों में मौसम बदल गया। जयपुर, अलवर, भरतपुर, झुंझुनूं के एरिया में देर शाम आसमान में बादल छाए और कई जगह तेज हवा चली।मध्यप्रदेश में अगले 5 दिन तक तेज गर्मी पड़ेगी। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर में पारा 2 से 5 डिग्री तक बढ़ेगा, जबकि जबलपुर, चंबल, नर्मदापुरम, रीवा, शहडोल, सागर संभाग में भी गर्मी बढ़ेगी।छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के 4 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।