रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 20वें मुक़ाबले में 12 रन से हरा दिया। बेंगलुरु ने 10 साल बाद वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई को हराते हुए इस सीजन की तीसरी जीत दर्ज़ की। इससे पहले उन्होंने 2015 में मुंबई को हराया था।
मुंबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। बेंगलुरु ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 221 रन बनाए। जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन ही बना सकी। कप्तान हार्दिक पंड्या (42 रन) और तिलक वर्मा (56 रन) ने 34 बॉल पर 89 रन की साझेदारी करके अपनी टीम को रन चेज में बनाए रखा, लेकिन इन दोनों के आउट होते ही टीम हार गई। बेंगलुरु की ओर से क्रुणाल पंड्या ने 4 विकेट झटके। यश दयाल और जोश हेजलवुड को 2-2 विकेट मिले।
बेंगलुरु की ओर से विराट कोहली (67 रन) और कप्तान रजत पाटीदार (64 रन) ने अर्धशतक जमाए। जितेश शर्मा ने नाबाद 40 और देवदत्त पडिक्कल ने 37 रन का योगदान दिया। ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पंड्या ने 2-2 विकेट झटके। एक विकेट विग्नेश पुथुर को मिला।