मौसम विभाग ने आज मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र समेत देश के 20 राज्यों में आंधी-बारिश का अनुमान जताया है। महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में बिजली और झारखंड के कुछ इलाकों में ओले गिर सकते हैं। बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के अलावा असम, मणिपुर, मेघालय समेत सभी उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी अगले पांच दिनों तक इसी तरह का मौसम रहने की संभावना जताई है।2 दिन की राहत बाद राजस्थान में फिर से लू ने दस्तक दी है। सोमवार को बाड़मेर जिले का तापमान देश में सबसे ज्यादा 45.4 डिग्री दर्ज किया गया। आज प्रदेश के 6 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट है।दिल्ली में लू वापसी करने वाली है। मौसम विभाग ने बताया कि 16 से 18 अप्रैल तक तापमान में तीन से चार डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इस दौरान तापमान 40 से 42 डिग्री रह सकता है।बिहार के 19 जिलों में आज तेज बारिश और आंधी की संभावना है। मौसम विभाग ने 5 जिलों में ऑरेंज और 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।मध्यप्रदेश में 16 अप्रैल से हीट वेव यानी, लू का असर शुरू होगा। इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और चंबल संभाग के जिलों में लू चलेगी। इससे पहले मंगलवार को पूर्वी हिस्से के 7 जिले-शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा में हल्की बारिश हो सकती है।छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में अगले तीन दिन आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आज 24 जिलों सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मुंगेली, रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बस्तर कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर में बूंदाबांदी के आसार हैं।