मौसम विभाग ने शनिवार को राजस्थान-मध्य प्रदेश में तेज लू (हीटवेव) की आशंका जताई है। महाराष्ट्र में भी तेज गर्मी रहेगी। इसके अलावा बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, नॉर्थ ईस्ट समेत 14 राज्यों में आंधी-तूफान की चेतावनी है। बारिश के साथ यहां तेज आंधी और बिजली का भी अलर्ट है।राजस्थान और गुजरात से आई गर्म हवाओं के असर से पूरा मध्य प्रदेश तप रहा है। सीजन में पहली बार शुक्रवार को दिन का पारा 44°C के पार पहुंच गया।शुक्रवार शाम दिल्ली के कई इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक, नरेला, पीतमपुरा और मयूर विहार में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश से तापमान में गिरावट आई।दिल्ली के पूसा में तापमान 36°C से गिरकर 27°C हो गया, वहीं पीतमपुरा और मयूर विहार में 37°C से गिरकर 27°C दर्ज किया गया।मध्यप्रदेश में गर्मी के तीखे तेवर देखने को मिल रहे हैं। शुक्रवार को सीजन में पहली बार दिन का पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया। खजुराहो, गुना और नौगांव सबसे ज्यादा गर्म रहे।मौसम विभाग ने आज यानि शनिवार को पटना समेत बिहार के 13 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन सभी 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
