प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए भयावह आतंकी हमले का जिक्र करते हुए गहरी पीड़ा व्यक्त की। पीएम मोदी ने कहा कि इस हमले ने देश के हर नागरिक को आहत किया है और आतंक के आकाओं की हताशा और कायरता को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि कश्मीर की तरक्की कुछ लोगों को रास नहीं आ रही, इसलिए इस तरह की बड़ी साजिशें रची जा रही हैं।पीएम मोदी ने कहा, “जब मैं आपसे मन की बात कर रहा हूं, तो मेरे मन में गहरी पीड़ा है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले की तस्वीरों ने हर भारतीय का खून खौला दिया है।” उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में देश की एकता और 140 करोड़ भारतीयों की एकजुटता सबसे बड़ी ताकत है।प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत इस चुनौती का सामना करने के लिए अपने संकल्पों को और मजबूत करेगा। उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि दोषियों को सख्त सजा मिलेगी और उन्हें न्याय अवश्य मिलेगा।