मध्य प्रदेश – राजस्थान समेत 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट है।देश के पूर्वोत्तर राज्यों में 29 मई को मानसून ने दस्तक दी थी। पाँच दिन बीतने के बाद भी मानसून वहीं ठहरा हुआ है। इसके चलते मणिपुर, असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम और सिक्किम में तेज बारिश हो रही है।अरुणाचल प्रदेश में एयरफोर्स ने सोमवार को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। प्रदेश के निचली घाटी दिबांग में बोमजीर नदी में फंसे 14 व्यक्तियों को बचाया गया। वायुसेना के मुताबिक असम और अरुणाचल प्रदेश में एमआई-17 हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मणिपुर में बाढ़ से 19 हजार 811 लोग प्रभावित हैं। 3,365 घरों को नुकसान पहुंचा है। बीते 4 दिनों में राज्य में लैंडस्लाइड की 47 घटनाएं हुईं। राजस्थान में सोमवार को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो गया। प्रदेश के 21 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 10 जिलों में यलो अलर्ट है। मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी है। मई के बाद जून में भी अधिकतर जिलों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर-चंबल के 8 जिलों में आंधी की रफ्तार 60Km प्रति घंटा तक रहेगी। हरियाणा के सभी जिलों में आज मौसम खराब होने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश के 5 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि, 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है।