मानसून की तेज बारिश के बाद मणिपुर में आई बाढ़ से 1.64 लाख लोग प्रभावित हैं। राज्य में 35 हजार से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचा है। करीब 4 हजार लोगों का रेस्क्यू किया गया है। बीते 4 दिन में 100 से ज्यादा लैंडस्लाइड की घटनाएं हुई हैं। मध्य प्रदेश और बिहार में भी आंधी-बारिश का दौर जारी है। आज दोनों राज्यों में 60kmph की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। एमपी के 17 और बिहार के 29 जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने राजस्थान के 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।राजस्थान में पश्चिम विक्षोभ के असर से मौसम बदल गया है। बारिश-आंधी के कारण तापमान गिरा है। लू से भी राहत मिली है। बुधवार को जयपुर सहित 29 जिलों में आंधी-बारिश यलो अलर्ट जारी किया गया है।मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। ऐसा ही मौसम बुधवार को भी बना रहेगा। ग्वालियर-नर्मदापुरम समेत 17 जिलों में 60Km प्रतिघंटा रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है।मौसम विभाग ने बुधवार को बिहार के 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इन 12 जिलों ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
