मानसून अब भी महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर ही रुका है। यह 10 जून तक मध्य प्रदेश पहुंचेगा, हालांकि राज्य में बारिश का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को भोपाल, शाजापुर, छिंदवाड़ा, राजगढ़, सागर, सतना, धार और दमोह में बारिश हुई। राज्य में 6 जून तक बूंदाबांदी जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को कुल 25 राज्यों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीट वेव का अलर्ट भी है। राजस्थान में 6 जून के बाद 3 से 5 डिग्री तापमान बढ़ने की आशंका भी है। देश के पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार बारिश से बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति में कोई सुधार नहीं है। असम में बुधवार को बाढ़ में दो और लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही 24 मई को मानसून आने के बाद से राज्य में अब तक 19 लोगों की जान गई है। मध्यप्रदेश में गुरुवार को भी प्री-मानसून की एक्टिविटी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग ने ग्वालियर, रतलाम समेत कुल 27 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश के 42 जिलों में बारिश के साथ साथ 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज चार जिलों -सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। छत्तीसगढ़ में अगले तीन से चार दिन और बारिश के आसार नहीं है। दरअसल, मानसून को आगे पुश करने वाले मौसमी सिस्टम कमजोर पड़ गए हैं।