देश के 6 राज्यों के 18 शहरों का तापमान सोमवार को 45 डिग्री के ऊपर रहा। इन राज्यों में राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और ओडिशा शामिल हैं। दिल्ली-NCR समेत पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मंगलवार को भी हीट वेव और तेज गर्मी की चेतावनी है। दिल्ली में आज भी तापमान 45°C के पास जा सकता है। मौसम विभाग ने राजस्थान में तेज हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा असर पश्चिमी जिलों जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, पाली, जालोर, सिरोही में है। उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। प्रदेश के 19 जिलों में आज हीट वेव यानी लू की चेतावनी है। एक दिन पहले सोमवार को आगरा और झांसी में भीषण गर्मी पड़ी। यहां अधिकतम पारा 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी पड़ रही है। अगले तीन दिन तक गर्मी से राहत के आसार नहीं है। इस दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस का उछाल आएगा। हिमाचल प्रदेश के चार शहरों का पारा पहले ही 40 डिग्री सेल्सियस पार हो गया है।