मौसम विभाग का अनुमान है, अगले दो दिन में मानसून गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश , ओडिशा, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के साथ ही बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने आज गुजरात और सौराष्ट्र में भारी बारिश का रेड, जबकि मध्य प्रदेश-राजस्थान समेत 17 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट है। राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश अब तेज होने लगी है। मौसम विभाग ने राज्य में 20 जून तक प्री-मानसून की बारिश जारी रहने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को भी 26 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री हो गई है। सोमवार को बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर के रास्ते मानसून प्रदेश में पहुंचा। अगले 2 दिन में मानसून भोपाल-इंदौर में दस्तक दे सकता है। छत्तीसगढ़ में पिछले 25 दिनों से बस्तर में अटका मानसून अब दुर्ग तक पहुंच गया है। अगले 24 घंटे में मानसून के रायपुर पहुंचने की उम्मीद है। इस बीच मौसम विभाग ने आज 8 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज 54 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
