पिछले 20 दिन से महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में रुका मानसून आगे बढ़ गया है। दो दिन में इसने गुजरात को कवर कर लिया है और ये गुजरात से सटी राजस्थान की सीमा पर पहुंच गया है। आज असम, मेघालय, ओडिशा, झारखंड, बंगाल में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने का रेड अलर्ट है। 13 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम ने गुजरात की सीमा पर 20 दिन से रुके पड़े मानसून को रफ्तार दी है। मानसून राजस्थान की सीमा पर पहुंच गया है। मध्यप्रदेश के इंदौर समेत 19 जिलों में मानसून की एंट्री हो गई है। वहीं, अगले 24 घंटे के अंदर भोपाल, उज्जैन-जबलपुर में भी मानसून पहुंच सकता है। पंजाब में आज भी बारिश के आसार हैं। बारिश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश से सटे जिलों में 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में अगले तीन चार दिन तक मानसून की एंट्री के कोई संकेत नहीं है। मौसम विभाग केंद्र शिमला ने इससे पहले ही भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
