मौसम विभाग ने आज पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य महाराष्ट्र, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मानसून के अगले 2-3 दिनों में दिल्ली और हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में पहुंचने की उम्मीद है। मानसून ने बीते दो दिन में राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश में एंट्री ले ली है। मध्यप्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो गया है।भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के बाकी जिलों में गरज-चमक, आंधी और बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश के 36 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 53 जिलों में बिजली गिरने की संभावना जताई है। हिमाचल में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो गया है। प्रदेश के ज्यादातर भागों में इससे देर रात से ही मौसम खराब बना हुआ है। शिमला में सुबह के वक्त हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं पहाड़ों पर अगले पांच दिन तक बारिश जारी रहेगी।