मानसून तेज रफ्तार से उत्तर भारत में पहुंच गया है। शुक्रवार को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में एंट्री कर ली है। अब केवल दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में ही मानसून का पहुंचना बाकी है। मानसूनी बारिश ने पूरे मध्यप्रदेश को तरबतर कर दिया है। नदी-नाले उफान पर हाेने से कई रास्ते बंद हो गए हैं। मौसम विभाग ने पूर्वी हिस्से के जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में तेज बरसात का दौर जारी है। जयपुर, कोटा, भीलवाड़ा, दौसा, बूंदी, टोंक, सीकर, नागौर, करौली सहित कई जिलों में शुक्रवार को तेज बारिश हुई। उत्तर प्रदेश में मानसून ने कुछ उत्तरी-पश्चिमी कुछ जिलों और एनसीआर को छोड़कर पूरे प्रदेश को कवर कर लिया है। आने वाले 48 घंटे में मानसून पूरे यूपी को कवर कर लेगा। हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में मानसून की एंट्री के साथ ही भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने कल के लिए 7 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।