भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए मंगलवार को संसद में मतदान चल रहा है। सुबह 10 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले अपना वोट डाला।
एनडीए ने 68 वर्षीय सीपी राधाकृष्णन को मैदान में उतारा है, जबकि INDIA गठबंधन के उम्मीदवार 79 साल के बी सुदर्शन रेड्डी हैं। कुल 781 सांसद इस चुनाव में मतदान करेंगे। वोटों की गिनती शाम 6 बजे से शुरू होगी, जिसके बाद नतीजों का ऐलान होगा।
इस बीच, बीआरएस और बीजेडी ने चुनाव से दूरी बना ली है, जिससे वे किसी भी उम्मीदवार का समर्थन नहीं करेंगे। शिरोमणि अकाली दल के एकमात्र सांसद ने पंजाब में बाढ़ के कारण वोट नहीं डालने का फैसला किया है। दूसरी ओर, एआईएमआईएम ने INDIA उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान किया है, जबकि वाईएसआरसीपी के 11 सांसद एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में वोट देंगे।
यह चुनाव जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद हो रहा है, जिन्होंने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर पद छोड़ दिया था। उनका कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था।
उपराष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सांसद वोट देते हैं। हालांकि, इसमें व्हिप जारी नहीं हो सकता। माना जा रहा है कि पार्टी लाइन पर वोटिंग होने पर एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन को 422 और विपक्ष के रेड्डी को 319 वोट मिल सकते हैं, जिससे राधाकृष्णन की जीत लगभग तय है। हालांकि, गुप्त मतदान में क्रॉस वोटिंग से समीकरण बदल सकते हैं।