भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हिंदी ने प्रधानमंत्री मोदी की वजह से विदेशों में भारत को एक नई पहचान दी है। शनिवार को भोपाल के मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) में ‘तूर्यनाद-25’ महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों से बातचीत करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त राष्ट्र और जी-20 जैसे बड़े मंचों पर हिंदी में बोलकर देश का स्वाभिमान बढ़ाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हिंदी दुनिया में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषाओं में से एक है और आजादी की लड़ाई में भी इसने बड़ा रोल निभाया था।
डॉ. यादव ने कहा कि हिंदी सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी पहचान है और अब इसे राष्ट्रभाषा बनाने का समय आ गया है। उन्होंने नई शिक्षा नीति का जिक्र करते हुए कहा कि अब मध्य प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में भी हिंदी में पढ़ाई हो रही है, जिससे छोटे शहरों के बच्चों को बहुत फायदा हो रहा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने एक दिव्यांग छात्र राजा पटेल के साथ सेल्फी ली और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने मैनिट के सभी छात्रों और शिक्षकों को 15 सितंबर को आने वाले अभियंता दिवस की शुभकामनाएँ भी दीं। कार्यक्रम में मैनिट के कार्यकारी निदेशक शैलेन्द्र जैन और आरएनटीयू के कुलगुरु डॉ. संतोष चौबे भी मौजूद थे, जिन्होंने हिंदी भाषा के महत्व पर अपनी बात रखी।