मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की कृषि विभाग की समीक्षा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की कृषि विभाग की समीक्षा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि धार के भैंसोला में देश के सबसे पहले पीएम मित्रा पार्क की स्थापना से प्रदेश की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह पार्क 6 लाख से अधिक कपास और रेशम उत्पादक किसानों के लिए वरदान साबित होगा, जिससे उनकी आजीविका में बड़ा बदलाव आएगा। इस परियोजना से 1 लाख प्रत्यक्ष और 2 लाख अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की बैठक में कृषि आधारित उद्योगों के प्रचार-प्रसार के लिए कृषि मेले आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इन मेलों में किसानों को उनकी फसलों और अन्य सहायक उत्पादों की मार्केटिंग के तरीके भी सिखाए जाएं।

डॉ. यादव ने बताया कि पीएम मित्रा पार्क मालवा के कपास की खपत स्थानीय स्तर पर ही करेगा, जिससे एक मजबूत सप्लाई चेन बनेगी। उन्होंने कहा कि इस पार्क में निवेश के लिए बड़ी कंपनियों का आना एक उत्साहजनक संकेत है। उन्होंने कहा, “हम निवेशकों का स्वागत करेंगे और उन्हें हर संभव मदद देंगे।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि अन्य राज्य जहां अभी पीएम मित्रा पार्क की तैयारियां कर रहे हैं, वहीं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमारी सरकार 17 सितंबर को इसका भूमिपूजन करने जा रही है। उन्होंने कहा कि इसे देश का मॉडल पीएम मित्रा पार्क बनाया जाएगा, जहां कपास से लेकर रेडीमेड गारमेंट्स तक सब कुछ एक ही जगह पर तैयार होगा। उन्होंने यह भी बताया कि 114 कंपनियों के आवेदन में से 91 को भूमि आवंटित करने की अनुशंसा कर दी गई है, जिससे आने वाले डेढ़ साल में उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *