भारत से दक्षिण पश्चिम मानसून की वापसी का सिलसिला शुरू हो गया है और माना जा रहा है कि यह 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से लौट जाएगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 22 से 25 सितंबर तक बंगाल, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे एक नए निम्न दबाव के कारण बिहार, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में भी अच्छी बारिश हो सकती है। 23 और 24 सितंबर को बिहार में, जबकि 23 से 25 सितंबर के बीच ओडिशा और पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश का अनुमान है। 24 और 25 सितंबर को छत्तीसगढ़ और यूपी में भी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में भी मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की उम्मीद है।
IMD ने बताया है कि अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही ठंड दस्तक दे सकती है। सुबह और शाम के समय मौसम में बदलाव महसूस होने लगेगा और नवंबर तक उत्तर भारत में घना कोहरा छाने लगेगा। 15 अक्टूबर के बाद उत्तराखंड और हिमाचल के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है। इस साल का मानसून सामान्य से 7% अधिक रहा। उत्तर पश्चिम भारत में 34%, मध्य भारत में 11% और दक्षिणी भारत में 7% ज्यादा बारिश हुई। हालांकि, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से 20% कम बारिश दर्ज की गई।