प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के दौरे पर थे। अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में उन्होंने 5,100 करोड़ रुपए की नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पूरे नॉर्थ ईस्ट को नजरअंदाज किया, लेकिन 2014 के बाद यह क्षेत्र विकास की प्राथमिकता बन गया है।
मोदी ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य ‘नेशन फर्स्ट’ है और वे ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने नॉर्थ ईस्ट के आठों राज्यों- अरुणाचल, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा को ‘अष्टलक्ष्मी’ बताया।
अरुणाचल के बाद प्रधानमंत्री त्रिपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने माताबाड़ी स्थित पुनर्निर्मित माता त्रिपुर सुंदरी मंदिर का उद्घाटन किया और पूजा-अर्चना की। यह मंदिर 51 ‘शक्ति पीठों’ में से एक है और इसका पुनर्निर्माण 52 करोड़ रुपए की लागत से हुआ है। यह मंदिर 1501 में महाराजा धन्य माणिक्य द्वारा बनवाया गया था।