मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय स्वदेशी जागरण सप्ताह का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और समृद्धि का आधार स्वदेशी की ताकत है। महात्मा गांधी ने इसी के बल पर देश को आज़ादी दिलाई थी और लोगों को विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करने के लिए प्रेरित किया था। डॉ. यादव ने गांधीजी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को एक जैसा बताया, जिनके अनुसार स्वावलंबन और स्वदेशी से ही भारत आत्मनिर्भर बन सकता है और विश्व की आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एक रैली में पैदल मार्च भी किया और लोगों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश के 313 विकासखंडों में चलेगा। भोपाल, बैतूल, शिवपुरी और उज्जैन में स्वदेशी मेले भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वदेशी का सबसे बड़ा ब्रांड एंबेसडर बताया। मुख्यमंत्री ने लोगों से त्योहारी सीजन में स्वदेशी सामान खरीदने और किसानों और कारीगरों के परिश्रम का सम्मान करने की अपील की।