मानसून की वापसी और आने वाले दिनों का मौसम
दक्षिण-पश्चिम मानसून अब लौटने लगा है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से वापस चला जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, दुर्गा पूजा के दौरान यानी 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूर्वी और मध्य भारत में जमकर बारिश होने की संभावना है। इसी को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने को कहा गया है।
इस साल मानसून के मौसम में देशभर में अच्छी बारिश हुई है। हालांकि मानसून राजस्थान से वापस जा रहा है, लेकिन अभी भी पूर्वी और मध्य भारत में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इससे दुर्गा पूजा के जश्न में खलल पड़ सकता है। मौसम विभाग ने इसके लिए अलर्ट भी जारी किया है।
कहां-कहां होगी बारिश?
- 29 और 30 सितंबर: पूर्वी मध्य प्रदेश
- 28, 29 और 30 सितंबर: पश्चिमी मध्य प्रदेश
- 27 सितंबर और 1 अक्टूबर: अंडमान निकोबार द्वीप समूह
- 26 से 28 सितंबर: पश्चिम बंगाल
- 27 सितंबर: ओडिशा
- 26 सितंबर से 1 अक्टूबर: मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा
- 28 से 30 सितंबर: सौराष्ट्र और कच्छ में बहुत भारी बारिश
जल्द शुरू होगी ठंड
मौसम विभाग का कहना है कि अक्टूबर की शुरुआत में ही सुबह-शाम ठंड महसूस होने लगेगी। नवंबर तक उत्तर भारत में कई जगहों पर कोहरा छाने लगेगा और सर्दी बढ़ने लगेगी। 15 अक्टूबर के बाद हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।
इस साल हुई रिकॉर्ड बारिश
इस साल मानसून 24 मई को केरल पहुंचा था, जो 2009 के बाद सबसे जल्दी आया। इस बार सामान्य से 7% ज्यादा बारिश हुई, जो 836.2 मिमी रही। उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से 34% अधिक, मध्य भारत में 11% अधिक और दक्षिण भारत में 7% अधिक बारिश दर्ज की गई है।