मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि मध्य प्रदेश में उद्योगों के विकास से बड़ी संख्या में रोजगार सृजित हो रहे हैं, और राज्य में निवेश के इस “यज्ञ” में उद्योगपतियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
समत्व भवन, मुख्यमंत्री निवास पर विभिन्न औद्योगिक समूहों के पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान डॉ. यादव ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार ने उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल नीतियाँ बनाई हैं, जिससे निवेश का वातावरण बेहतर हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “उद्योगपतियों को निर्धारित नीतियों की परिधि में और जरूरत पड़ने पर नीतियों से बाहर जाकर भी उद्योग लगाने के लिए राज्य सरकार पूरा सहयोग प्रदान करेगी।” यह बयान राज्य में निवेश को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रमुख औद्योगिक समूहों में लोहिया ग्रीन एनर्जी ग्रुप, ट्रायडेंट ग्रुप, जैक्सन ग्रुप, पैसिफिक आयरन मैन्युफैक्चरिंग लिमिटेड, आर. एस. डब्ल्यू. एम. लिमिटेड (एल. एन. जे. भीलवाड़ा समूह), एल्टिस इंडस्ट्रीज प्रा. लिमिटेड, एन-विज़न एनवायरनमेंटल सर्विसेज और पार्थ कंस्ट्रक्शन के पदाधिकारी शामिल थे।