प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित दिल्ली भाजपा के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी के इतिहास और कार्यकर्ताओं के समर्पण पर प्रकाश डाला।
पीएम मोदी ने कहा कि आज भाजपा की स्थापना को 45 साल हो गए हैं। जिस बीज से आज यह विशाल वट वृक्ष बना है, उसका रोपण अक्टूबर 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ की स्थापना के साथ हुआ था। उन्होंने कहा कि नवरात्र के पावन दिनों में दिल्ली भाजपा को यह नया कार्यालय मिला है और पार्टी को अटल जी, आडवाणी जी, नानाजी देशमुख, राजमाता सिंधिया जैसे नेताओं का आशीर्वाद प्राप्त है।
पीएम ने याद दिलाया कि 1980 में जब भाजपा का गठन हुआ, तो वीके मल्होत्रा दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष बने थे। उन्होंने जोर देकर कहा, “भाजपा आज जिस मजबूत स्थिति में है उसके पीछे कार्यकर्ताओं का त्याग है।”
कार्यालय और भविष्य की योजनाएं:
- दिल्ली भाजपा का यह नया कार्यालय अब पार्टी मुख्यालय के पास दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर शिफ्ट हो गया है। पहले यह 14 पंत मार्ग पर था।
- इस कार्यालय की नींव 9 जून 2023 को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रखी थी, और इसकी लागत ₹2.23 करोड़ आई है।
- भाजपा पूरे देश में संगठन के जिलों में आधुनिक कार्यालयों का निर्माण कर रही है, जिसमें मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र जैसे राज्य शामिल हैं।
पीएम के भाषण की मुख्य बातें:
- दिल्ली का महत्व: जनसंघ के समय से ही दिल्ली बड़े आयोजनों का केंद्र रही है। दिल्ली के कार्यकर्ताओं ने हमेशा देश भर के कार्यकर्ताओं को अपने घरों में जगह दी।
- विकसित भारत का सपना: पीएम ने कहा कि दिल्ली भाजपा सरकार और कार्यालय जब मिलकर काम करेंगे, तो हम विकसित भारत का सपना तेजी से पूरा करेंगे।
- समर्पण: उन्होंने अरुण जेटली और सुषमा स्वराज के पार्टी के प्रति जीवन-समर्पण को याद किया और कहा कि भाजपा जनसंघ के समय से ही दिल्ली के हितों से जुड़ी रही है।
- जीएसटी पर निशाना: पीएम मोदी ने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना है कि नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म्स का फायदा ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे। उन्होंने जीएसटी घटाने के बावजूद हिमाचल सरकार द्वारा सीमेंट पर रेट बढ़ाने के लिए उसकी आलोचना की।