भोपाल: राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने मंगलवार को गुजराती समाज भोपाल द्वारा आयोजित अष्टमी पूजन और गरबा महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि नवरात्रि माँ अम्बे की भक्ति का पावन पर्व है, जो हमें भक्ति में डूब जाने का अवसर देता है। उन्होंने गुजराती समाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह समाज अपनी सांस्कृतिक समृद्धि और एकता के लिए विश्व स्तर पर पहचाना जाता है और जहाँ भी गुजराती समाज के लोग बसते हैं, वहाँ मिनी गुजरात बस जाता है।
यह कार्यक्रम “ऑपरेशन सिंदूर और स्वदेशी अभियान” की थीम पर आयोजित किया गया था। राज्यपाल श्री पटेल ने स्वदेशी अभियान को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर ने देश को गौरवान्वित किया है, और सेनाओं का अद्भुत शौर्य व पराक्रम हर भारतीय का अभिमान है। उन्होंने इस अवसर पर ऑपरेशन सिंदूर पर केंद्रित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
राज्यपाल ने सभी नागरिकों से प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ मंत्र को अपनाते हुए स्वदेशी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इसे सफल बनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान, गुजराती समाज भोपाल के उपाध्यक्ष श्री चेतन भाई पटेल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्यपाल का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। राज्यपाल श्री पटेल ने माँ अम्बे की आरती भी की। समाज के सदस्यों ने माँ आदि शक्ति की भक्तिमय धुन पर गरबा नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। इस अवसर पर गुजराती समाज के सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।