इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी के पावन पर्व पर इंदौर के नागरिकों को समर्पित, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए एआई आधारित चैटबॉट ‘सेफ क्लिक’ का औपचारिक लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन करके इस अत्याधुनिक सेवा की शुरुआत की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में यह तकनीक बहुत महत्वपूर्ण साबित होगी। ‘सेफ क्लिक’ नागरिकों को आवश्यक सूचनाएं और विभिन्न प्रकार की सुरक्षा संबंधी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराने में सहायक होगा। उन्होंने यह भी बताया कि इंदौर, मध्य प्रदेश का पहला ऐसा शहर बन गया है जो पुलिसिंग में इस तकनीक का उपयोग कर रहा है। शुरुआती दौर में इंदौर पुलिस इसका उपयोग यातायात और सुरक्षा क्षेत्रों में करेगी, जिसके बाद इसे अन्य क्षेत्रों में भी लागू करने की योजना है।
पुलिस कमिश्नर श्री संतोष सिंह ने जानकारी दी कि यह एआई चैटबॉट ओपन सोर्स से सूचनाएं एकत्रित करेगा। नागरिक इसमें बोलकर या टाइप करके अपनी सेवाएं और जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम में सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े और अन्य गणमान्य नागरिक तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।