केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जीमेल (Gmail) छोड़कर स्वदेशी प्लेटफॉर्म ज़ोहो मेल (Zoho Mail) को अपना लिया है। बुधवार को उन्होंने एक्स (X) पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी और लोगों से नए ईमेल एड्रेस पर मेल भेजने का आग्रह किया।
शाह ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मैंने ज़ोहो मेल पर स्विच कर लिया है। कृपया मेरे ईमेल एड्रेस में हुए बदलाव पर ध्यान दें। मेरा नया ईमेल एड्रेस है: amitshah.bjp@zohomail.in। भविष्य में पत्राचार के लिए कृपया इसी ईमेल एड्रेस का उपयोग करें।”
ज़ोहो मेल विदेशी ईमेल सेवाओं जैसे जीमेल और आउटलुक का एक भारतीय विकल्प है। यह पूरी तरह से भारतीय कंपनी ज़ोहो कॉर्पोरेशन का ईमेल क्लाइंट है, जिसे कंपनी के फाउंडर श्रीधर वेंबु ने बनाया है।
यह विज्ञापन-मुक्त (एड-फ्री) प्लेटफॉर्म है, जो व्यक्तिगत और व्यावसायिक दोनों उपयोगकर्ताओं को सेवाएँ देता है। कंपनी का दावा है कि इसमें एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से डेटा सुरक्षित रहता है और कोई भी जानकारी विज्ञापनदाताओं के साथ साझा नहीं की जाती।
इससे पहले, 3 अक्टूबर को शिक्षा मंत्रालय ने भी सभी सरकारी दफ्तरों को दस्तावेज़-संबंधित कार्यों के लिए ज़ोहो ऑफिस सूट (Zoho Office Suite) का उपयोग करने का निर्देश दिया था, जो भारतीय टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देने की दिशा में एक कदम है।