भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल के समन्वय भवन में आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान में जनता से दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पाद अपनाने और भारतीय उद्यमियों का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारत आज ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ मिशन के माध्यम से विश्व का एक महत्वपूर्ण विनिर्माण केंद्र बन रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत के समृद्ध व्यापारिक इतिहास का स्मरण करते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों की लाइसेंस, कोटा, परमिट जैसी नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर किया था, जिसका असर सामाजिक व्यवस्थाओं पर भी पड़ा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया, जिन्होंने भारत को गौरव के साथ देखने की दृष्टि दी और संयुक्त राष्ट्र में हिंदी को स्थापित किया।
उन्होंने जोर दिया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में व्यापार, व्यवसाय और कर व्यवस्था में सरल और पारदर्शी नीतियाँ लागू हुई हैं, जिसने आम आदमी के जीवन को सुगम बनाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है और उद्योगों को प्रोत्साहन दे रही है।
आगामी त्योहारों में स्वदेशी का संकल्प: मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमुदाय को आगामी त्योहारों में अधिक से अधिक स्वदेशी सामग्री का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को आत्मनिर्भर भारत के लिए स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई गई। इस शपथ में नागरिकों को आयातित वस्तुओं की जगह देसी विकल्प चुनने, स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने, भारतीय भाषाओं का उपयोग करने, पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों का प्रयोग करने और देश के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देने का संकल्प शामिल था।