बुधवार को भारतीय सेना के लिए एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई, जब भारत में निर्मित मिलिट्री कॉम्बैट पैराशूट सिस्टम (MCPS) का सफल परीक्षण पूरा हुआ। इंडियन एयर फोर्स के तीन पैरा जंपर्स ने 32,000 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट की कंट्रोलिंग, लैंडिंग सटीकता और नेविगेशन क्षमताओं को परखा।
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की दो लैब्स (आगरा और बेंगलुरु) ने मिलकर इस अत्याधुनिक Ram-Air डिज़ाइन वाले MCPS को तैयार किया है। इसकी सबसे खास बात यह है कि यह स्वदेशी नेविगेशन सिस्टम NavIC (नेविगेशन विद इंडियन कांस्टेलेशन) पर आधारित है, जो इसे सटीक स्थान पर उतरने में मदद करता है। यह 150 किलोग्राम तक का वजन उठा सकता है और इसमें ऑटोमेशन के साथ-साथ डुअल कैनोपी जैसे सुरक्षा फीचर्स भी दिए गए हैं। यह पैराशूट सिस्टम ऊंचाई पर ऑक्सीजन सपोर्ट और नाइट विजन हेडगियर के कारण दिन-रात के ऑपरेशन के लिए पूरी तरह सक्षम है।