मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने म.प्र. जल निगम को निर्देश दिया कि वह अपने निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाए। सोमवार को जल निगम के संचालक मंडल की बैठक में सीएम ने जल आपूर्ति कार्यों के साथ-साथ सौर ऊर्जा के क्षेत्र में निगम के एक बड़े कदम को मंजूरी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदसौर जिले में स्थापित होने वाली 100 मेगावॉट ग्रिड-माउंटेड सोलर फोटोवोल्टिक विद्युत परियोजना को विकसित करने के प्रस्तावों का अनुमोदन किया।
- प्रतिनिधित्व: सीएम ने प्रबंध संचालक को प्रोजेक्ट कंपनी में जल निगम का प्रतिनिधित्व करने के लिए अधिकृत किया।
- इक्विटी शेयर: जल निगम को कैप्टिव मोड के तहत गठित इस प्रोजेक्ट कंपनी में 26 प्रतिशत इक्विटी शेयर रखने की अनुमति दी गई। यह परियोजना करीब 315 एकड़ भूमि पर नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के अधीन स्थापित होगी। मुख्यमंत्री ने पीएचई मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके की महिला निदेशक के रूप में नियुक्ति और वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट को भी मंजूरी दी।