राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एनआईटी दिल्ली के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एनआईटी दिल्ली के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया

नई दिल्ली, 19 नवंबर, 2025: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज (19 नवंबर, 2025) नई दिल्ली में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) दिल्ली के पांचवें दीक्षांत समारोह की शोभा बढ़ाई।

राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में एनआईटी दिल्ली की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने अल्प समय में ही राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर ली है और यह आधुनिक बुनियादी ढांचे तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान बहु-विषयी शिक्षा, नवोन्मेष, अनुसंधान और उद्यम क्षेत्रों के साथ सहयोग को बढ़ावा देकर छात्रों को भविष्य की आवश्यकताओं के लिए तैयार कर रहा है।

श्रीमती मुर्मु ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि एनआईटी दिल्ली ने उद्यमशीलता और नवोन्मेष को बढ़ावा देने के लिए एक स्टार्ट-अप केंद्र और एक इनक्यूबेशन सेंटर (उद्भवन केंद्र) स्थापित किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये प्रयास छात्रों को सशक्त बनाएंगे और स्वरोजगार की संस्कृति को बढ़ावा देंगे।

विकसित भारत के लक्ष्य पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि यह केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें समावेशी विकास, तकनीकी प्रगति, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास भी शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार की पहलें, जैसे डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया, आदि, दर्शाती हैं कि जनभागीदारी से देश अपने लक्ष्य की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है। उन्होंने एनआईटी जैसे तकनीकी शिक्षण संस्थानों का आह्वान किया कि वे मॉडल डिजिटल विलेज स्थापित करने और तकनीकी समाधानों के माध्यम से ग्रामीण समुदायों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

स्नातकों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने उनसे निरंतर सीखते रहने, अनुसंधान जारी रखने और नई तकनीक विकसित करने का साहस रखने का आग्रह किया। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सच्ची प्रगति का पैमाना केवल आविष्कार नहीं, बल्कि समाज के लिए उसकी सकारात्मक उपयोगिता है। श्रीमती मुर्मु ने स्नातकों से आह्वान किया कि वे अपने विचारों और कार्यों से सामाजिक असमानताओं को कम करें और वंचित समुदायों के जीवन में आशा का संचार करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *