फिल्म जगत के महानायक धर्मेंद्र का सोमवार दोपहर उनके निवास पर निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से पूरा बॉलीवुड शोक में है।
दिग्गज अभिनेता का अंतिम संस्कार विले पार्ले श्मशान भूमि में संपन्न हुआ। उनकी अंतिम यात्रा में सलमान खान, संजय दत्त, अमिताभ बच्चन, आमिर खान समेत इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन को ‘एक युग के अंत का संकेत’ करार दिया है।
भले ही परिवार ने उनके निधन की तुरंत आधिकारिक पुष्टि नहीं की, लेकिन दोपहर में उनके घर के बाहर एम्बुलेंस का पहुँचना और श्मशान भूमि पर सुरक्षा का बढ़ाया जाना इस दुखद घटना की ओर इशारा कर रहा था। उनका पार्थिव शरीर एम्बुलेंस से श्मशान घाट पहुँचाया गया।
धर्मेंद्र जी काफी समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। 10 नवंबर को साँस की तकलीफ के कारण उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वेंटिलेटर पर रखा गया था। उस समय उनकी मौत की अफवाहों को परिवार ने सिरे से नकार दिया था। 12 नवंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी और डॉक्टर घर पर ही उनके इलाज की निगरानी कर रहे थे।