देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो (IndiGo) को लगातार चौथे दिन क्रू मेंबर्स (पायलट समेत) की कमी का सामना करना पड़ रहा है। स्टाफ की इस कमी के कारण शुक्रवार सुबह 10 बजे तक, दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे और हैदराबाद में कुल 391 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
- दिल्ली: सर्वाधिक 225 उड़ानें रद्द हुईं।
- बेंगलुरु: 102 उड़ानें रद्द हुईं।
- पुणे और हैदराबाद: दोनों जगह 32-32 उड़ानें रद्द की गईं।
इसमें आने और जाने, दोनों तरह की फ्लाइट्स शामिल हैं। रद्द होने के साथ-साथ सैकड़ों इंडिगो की उड़ानें देरी से भी चल रही हैं। इस अव्यवस्था के कारण देश भर के यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। कई हवाई अड्डों पर लोग 24-24 घंटे से अपनी फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं।
गोवा एयरपोर्ट पर एक महिला यात्री ने अपनी निराशा व्यक्त करते हुए बताया कि वे सुबह 5 बजे से इंतजार कर रहे हैं, और उन्हें एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद ही पता चला कि उनकी फ्लाइट कैंसिल हो गई है। उन्हें न तो कोई ईमेल मिला और न ही कोई मैसेज। उन्होंने कहा, ‘हमें आज एक शादी में शामिल होना था। स्टाफ कह रहा है कि कल दूसरी फ्लाइट से भेजेंगे। हम बहुत निराश हैं।’
इस बीच, इंडिगो ने डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) से फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) के नियमों से 10 फरवरी 2026 तक छूट देने का आग्रह किया है। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि वह तीन महीने के भीतर अपनी परिचालन स्थिति को सामान्य कर लेगी।