मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले – ‘विरासत भी विकास भी’ पीएम मोदी के दृष्टिकोण का उदाहरण है रूस के राष्ट्रपति को गीता भेंट करना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले – ‘विरासत भी विकास भी’ पीएम मोदी के दृष्टिकोण का उदाहरण है रूस के राष्ट्रपति को गीता भेंट करना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को ‘विकसित मध्यप्रदेश@2047 विरासत भी विकास भी’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विरासत के संरक्षण के साथ विकास की बात की है। उन्होंने इसका उदाहरण देते हुए बताया कि हाल ही में रूस के राष्ट्रपति श्री व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें रूसी भाषा में प्रकाशित गीता की प्रति भेंट की थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में दैनिक स्वदेश ज्योति के कार्यक्रम में बोल रहे थे।

डॉ. यादव ने प्रदेश में हुए विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 के बाद से मध्यप्रदेश में विकास के कई आयाम स्थापित हुए हैं। प्रदेश की सिंचाई क्षमता जो पहले मात्र 7.50 लाख हेक्टेयर थी, वह बढ़कर अब 55 लाख हेक्टेयर हो गई है और यह 100 लाख हेक्टेयर के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि पिछले 2 वर्षों में ही 9 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ है।

स्वास्थ्य क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या जो कभी सिर्फ 5 थी, वह अब बढ़कर 39 तक हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पीपीपी मॉडल को अपनाकर नए चिकित्सा महाविद्यालय खोले जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश भी प्रधानमंत्री मोदी के ‘विरासत से विकास’ की कल्पना को साकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बना है, वहीं चित्रकूट धाम और ओरछा में रामराजा सरकार के आध्यात्मिक क्षेत्रों के विकास की पहल हुई है।

डॉ. यादव ने इंदौर और भोपाल को मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की बात कही, जहां अधोसंरचना विकास के कार्य चल रहे हैं और मेट्रो ट्रेन का भी आगमन हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 8 लाख करोड़ रुपए के कार्य शुरू करने की पहल हुई है, जिससे 6 लाख लोगों को रोजगार मिलने की शुरुआत हुई है।

मुख्यमंत्री ने दैनिक स्वदेश ज्योति की स्वच्छ पत्रकारिता की प्रशंसा की। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी, सांसद श्री आलोक शर्मा और विधायक श्री भगवान दास सबनानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दैनिक स्वदेश ज्योति द्वारा प्रकाशित विशेषांक “विरासत भी-विकास भी” का विमोचन भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *