शेयर बाजार में तेजी: सेंसेक्स 150 अंक चढ़कर 84,800 पर, निफ्टी 25,900 पर; ट्रेंट और टाटा स्टील के शेयरों में उछाल
हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन, बुधवार, 10 दिसंबर को भारतीय शेयर बाजार में उछाल देखने को मिल रहा है। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 150 अंक की तेजी के साथ 84,800 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह, निफ्टी में भी 50 अंकों की बढ़त है और यह 25,900 के स्तर पर पहुंच गया है।
सेंसेक्स में शामिल 30 में से 23 शेयरों में मजबूती है, जबकि 7 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई है। ट्रेंट, टाटा स्टील और बजाज फिनसर्व के शेयरों में 1% तक की तेजी बनी हुई है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में IT सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा 1% तक की तेजी देखने को मिल रही है।
ग्लोबल मार्केट का हाल
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख है। जापान का निक्केई इंडेक्स 0.41% की गिरावट के साथ 50,448.28 पर और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.33% गिरकर 25,350.82 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, कोरिया का कोस्पी 0.15% बढ़कर 4,149.61 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.72% गिरकर 3,881.51 के स्तर पर है।
इससे पहले, 9 दिसंबर को अमेरिका का डाउ जोन्स 0.38% की गिरावट के साथ 47,560.29 पर बंद हुआ था। नैस्डेक कंपोजिट 0.13% की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि S&P 500 में 0.088% की मामूली गिरावट आई थी।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी, घरेलू निवेशक संभाल रहे बाजार
9 दिसंबर को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने कैश सेगमेंट में ₹2,971.97 करोड़ के शेयर बेचे। हालांकि, इस दौरान घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने ₹5,346.88 करोड़ की भारी खरीदारी कर बाजार को समर्थन दिया।
दिसंबर के पहले 7 कारोबारी दिनों में FIIs ने कुल ₹13,953 करोड़ के शेयर बेचे हैं। इसके विपरीत, DIIs ने ₹27,254 करोड़ के शेयर खरीदकर बाजार को संभाला है। नवंबर महीने में भी FIIs ने कुल ₹17,500.31 करोड़ के शेयर बेचे थे, जबकि DIIs ने ₹77,083.78 करोड़ की खरीदारी की थी। यह दर्शाता है कि बाजार को घरेलू निवेशकों का मजबूत सपोर्ट मिल रहा है।
पिछले दिन का हाल
मंगलवार, 9 दिसंबर को सेंसेक्स 436 अंक की गिरावट के साथ 84,666 पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 121 अंक की गिरावट दर्ज की गई थी, और यह 25,840 पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयरों में गिरावट थी, जिसमें एशियन पेंट्स का शेयर सबसे ज्यादा 4% गिरा था। IT सेक्टर में सबसे ज्यादा 1.19% की गिरावट आई थी।