बीजेपी ने अपने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी। नितिन नबीन इस पद पर जेपी नड्डा का स्थान लेंगे, जिनका राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल जून 2024 में समाप्त होने के बाद उन्हें एक्सटेंशन मिला हुआ था। नड्डा को 2020 में पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था।
कौन हैं नितिन नबीन? नितिन नबीन कायस्थ समुदाय से आते हैं और बिहार की राजनीति में एक अनुभवी चेहरा हैं। वह वर्तमान में बिहार की नीतीश सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं। पटना में जन्मे, वह बीजेपी के दिग्गज नेता और पूर्व विधायक नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं, जिनके निधन के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा।
नबीन ने 26 वर्ष की आयु में 2006 में पटना वेस्ट विधानसभा सीट से उपचुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने थे। परिसीमन के बाद यह सीट बांकीपुर कहलाई, जहां से वह लगातार चुनाव जीतते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने बांकीपुर सीट पर आरजेडी की रेखा कुमारी को 51,000 से अधिक वोटों के बड़े अंतर से हराया था।
उन्हें संगठन में काम करने का भी काफी अनुभव है। उन्होंने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में बीजेपी के प्रभारी के रूप में काम किया था, जहां पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि, “नितिन नबीन ने एक मेहनती कार्यकर्ता के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। वे एक युवा और मेहनती नेता हैं, जिनके पास संगठन का बहुत अनुभव है और बिहार में कई बार MLA और मंत्री के तौर पर उनका शानदार रिकॉर्ड रहा है।”