नई दिल्ली: दिल्ली में वायु प्रदूषण के खतरनाक स्तर को देखते हुए ‘कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट’ (CAQM) ने सख्त रुख अपनाया है। कमीशन ने सरकारी विभागों से सीधे तौर पर पूछा है कि ग्रैप (GRAP) के चारों चरण लागू होने के बाद भी प्रदूषण में कमी क्यों नहीं आ रही है। आज भी दिल्ली के कई इलाकों में AQI 370 के पार दर्ज किया गया।
CAQM के अनुसार, विभिन्न सरकारी एजेंसियों (MCD, DDA और दिल्ली पुलिस) के बीच तालमेल की भारी कमी है, जिसके कारण नियम जमीन पर लागू नहीं हो पा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतिबंध के बावजूद खुले में कूड़ा जलाया जा रहा है, अवैध फैक्ट्रियां चल रही हैं और निर्माण कार्यों से उड़ती धूल प्रदूषण को और बढ़ा रही है। इस बीच, भाजपा नेता जगदीश ममगांई ने भी सरकार और एमसीडी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे कूड़ा जलाने जैसी बुनियादी समस्याओं पर भी लगाम लगाने में नाकाम रहे हैं।