नवी मुंबई: मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) के लिए 25 दिसंबर का दिन ऐतिहासिक रहा। करीब 19,650 करोड़ रुपये की लागत से बने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) ने गुरुवार से अपना कमर्शियल ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पहले दिन की पहली लैंडिंग सुबह 8 बजे बेंगलुरु से आई इंडिगो की फ्लाइट के साथ हुई, जबकि पहली उड़ान सुबह 8:40 बजे हैदराबाद के लिए रवाना हुई।
उद्घाटन के पहले दिन इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर और स्टार एयर की कुल 30 फ्लाइट्स का संचालन किया गया, जो देश के 9 प्रमुख शहरों को नवी मुंबई से जोड़ रही हैं। फिलहाल यह एयरपोर्ट सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होगा, जिसे फरवरी 2026 तक 24 घंटे करने का लक्ष्य है। यह एयरपोर्ट 1160 हेक्टेयर में फैला है, जो मौजूदा मुंबई एयरपोर्ट (CSMIA) से दोगुना बड़ा है।