भारतीय रेलवे ने आज, 26 दिसंबर से किराए में बढ़ोतरी लागू कर दी है। रेलवे द्वारा प्रति किलोमीटर 2 पैसे की दर से किराया बढ़ाया गया है। यह नया नियम उन यात्रियों पर लागू होगा जो 215 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेंगे। उदाहरण के तौर पर, यदि आप 1000 किलोमीटर की यात्रा के लिए टिकट बुक करते हैं, तो अब आपको 20 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
राहत की बात यह है कि 215 किलोमीटर से कम की यात्रा करने वाले यात्रियों और मंथली सीजन टिकट (MST) धारकों के लिए किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। साथ ही, जिन यात्रियों ने 26 दिसंबर से पहले ही अपनी टिकट बुक करा ली थी, उन्हें पुराने किराए पर ही यात्रा करने की अनुमति होगी और उनसे कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूला जाएगा। हालांकि, आज से ट्रेन के भीतर TTE से टिकट बनवाने या स्टेशन पर नई बुकिंग करने पर बढ़ा हुआ किराया देना होगा। इस फैसले से रेलवे को सालाना 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होने की उम्मीद है।