भोपाल: राजधानी के हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारे में शुक्रवार को ‘वीर बाल दिवस’ का नजारा अद्भुत था, जहाँ पूरी व्यवस्था का संचालन बच्चों द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस आयोजन में पहुंचकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके साथ जमीन पर बैठकर कीर्तन श्रवण किया। मुख्यमंत्री ने साहिबजादा जोरावर सिंह और फतेह सिंह की वीरता को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन भारतीय युवाओं के लिए ईमानदारी और दृढ़ता का प्रतीक है।
अरेरा कॉलोनी गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष श्री पजिंदर सिंह ने इस अवसर पर खालसा पंथ की स्थापना और मुगलों के खिलाफ सिख वीरों के संघर्ष के ऐतिहासिक पहलुओं को साझा किया। कार्यक्रम में सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि वीर साहिबजादों के बलिदान को जन-जन तक पहुँचाना आज के समय की आवश्यकता है ताकि युवा पीढ़ी अपनी गौरवशाली संस्कृति और इतिहास से जुड़ सके।