नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रस्तावित वियतनाम यात्रा को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है। भाजपा का दावा है कि राहुल गांधी वियतनाम के दौरे पर जा रहे हैं, जहाँ वे भारत विरोधी तत्वों के साथ मिलकर देश की छवि धूमिल करने का काम करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस से जवाब मांगा कि आखिर राहुल गांधी को विदेशों में कौन लोग आमंत्रित करते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां भी राहुल को औपचारिक निमंत्रण नहीं मिलता, तो फिर विदेशी धरती पर उन्हें बुलाने वाले ये रहस्यमयी लोग कौन हैं? त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर देश के खिलाफ जहर उगलते हैं।
इस कड़ी में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने भी राहुल पर निशाना साधा। ढांडा ने कहा कि राहुल गांधी अक्सर विदेशी धरती पर “तैयार स्क्रिप्ट” पढ़ते हैं जो राष्ट्रविरोधी ताकतों द्वारा लिखी जाती है। वहीं गौरव वल्लभ ने आशंका जताई कि राहुल की यात्राओं के बाद ही भारत के आंतरिक मुद्दों पर विदेशी हस्तक्षेप बढ़ जाता है। फिलहाल कांग्रेस ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।