नई दिल्ली: रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भारत की पहली ‘वंदे भारत स्लीपर’ ट्रेन का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कोचों की बनावट, सुरक्षा प्रणालियों और यात्री सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। 16 कोच वाली यह आधुनिक ट्रेन जल्द ही असम के गुवाहाटी और पश्चिम बंगाल के हावड़ा के बीच पटरी पर दौड़ती नजर आएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी इसी माह (जनवरी) में इस ऐतिहासिक सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
यह ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा के लिए पूरी तरह तैयार है और इसके परीक्षण व प्रमाणीकरण की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है। ट्रेन में 11 एसी थ्री-टियर, 4 एसी टू-टियर और 1 एसी फर्स्ट क्लास कोच शामिल हैं, जिसमें कुल 823 यात्री सफर कर सकेंगे। 180 किमी प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार और ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली से लैस यह ट्रेन भारतीय रेलवे के तकनीकी नवाचार का एक नया अध्याय लिखेगी।