स्टार्टअप इंडिया के 10 साल: पीएम मोदी ने बताया ‘सपनों के साकार होने की गाथा’, भारत बना दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा इकोसिस्टम

स्टार्टअप इंडिया के 10 साल: पीएम मोदी ने बताया ‘सपनों के साकार होने की गाथा’, भारत बना दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा इकोसिस्टम

नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में ‘स्टार्टअप इंडिया’ पहल के एक दशक पूरे होने का जश्न मनाया। पीएम मोदी ने इस सफर को केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के साहस और असीमित अवसरों की सफलता की कहानी बताया। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले देश में 500 से भी कम स्टार्टअप थे, जो आज बढ़कर 2 लाख से अधिक हो गए हैं।

प्रधानमंत्री ने आंकड़ों के जरिए भारत की प्रगति को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि 2014 में देश में केवल 4 यूनिकॉर्न थे, जबकि आज इनकी संख्या 125 तक पहुंच गई है। उन्होंने विशेष रूप से साल 2025 का जिक्र किया, जिसमें रिकॉर्ड 44,000 नए स्टार्टअप पंजीकृत हुए। पीएम ने जोर देकर कहा कि आज भारत का युवा ‘रिस्क’ लेने से डरता नहीं है और यही कारण है कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है।

भारत मंडपम से स्टार्टअप्स को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भविष्य की तकनीक पर अपना विजन साझा किया। उन्होंने कहा कि आने वाला समय एआई (AI), सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और ग्रीन हाइड्रोजन का है। पीएम ने घोषणा की कि अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 1 लाख करोड़ रुपये की योजना शुरू की गई है। इसके साथ ही, छोटे स्टार्टअप्स को बड़ी तकनीक सुलभ कराने के लिए ‘भारत एआई मिशन’ के तहत 38,000 से अधिक जीपीयू (GPU) उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने रक्षा और अंतरिक्ष जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में स्टार्टअप्स की बढ़ती भागीदारी की सराहना की। उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष क्षेत्र में अब लगभग 200 स्टार्टअप काम कर रहे हैं। पीएम ने युवाओं से आह्वान किया कि फरवरी 2026 में होने वाला ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ उनके लिए वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन अवसर है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सरकार हर कदम पर स्टार्टअप्स के साथ खड़ी है और अगला दशक भारत के तकनीकी नेतृत्व का होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *