किश्तवाड़ के मंडराल-सिंहपोरा क्षेत्र में सुरक्षाबलों का बड़ा सर्च ऑपरेशन दूसरे दिन भी जारी है। रविवार को सोनार गांव के पास आतंकियों से लोहा लेते समय 8 जवान जख्मी हो गए थे, जिनमें से घायल हवलदार गजेंद्र सिंह आज वीरगति को प्राप्त हुए। सुरक्षा एजेंसियां इस क्षेत्र में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दो से तीन विदेशी आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी के बाद सक्रिय हुई हैं।
जंगलों की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए तलाशी अभियान में अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। आतंकियों के छिपने के ठिकानों का पता लगाने के लिए आसमान से ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है और जमीन पर स्निफर डॉग्स की टीमें तैनात हैं। सुरक्षाबलों का लक्ष्य घेराबंदी मजबूत कर आतंकियों को जल्द से जल्द ढेर करना है।