शेयर बाजार में बड़ी गिरावट: सेंसेक्स 500 अंक टूटा, निफ्टी 25,100 के करीब पहुंचा
आज 23 जनवरी को भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिल रही है। कल की तेजी के बाद आज बाजार लाल निशान पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स 500 अंकों से ज्यादा फिसलकर 81,800 के स्तर पर आ गया है, वहीं निफ्टी भी करीब 200 अंकों की गिरावट के साथ 25,100 के आसपास ट्रेड कर रहा है। मुख्य रूप से बैंकिंग, एनर्जी और FMCG सेक्टर के शेयरों में दबाव देखा जा रहा है।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि 1 फरवरी को आने वाले बजट तक बाजार में इसी तरह का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। तकनीकी तौर पर निफ्टी के लिए 25,000 का स्तर बेहद महत्वपूर्ण है। विदेशी निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली भी बाजार पर दबाव बना रही है, जिन्होंने कल 2,549 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।