नई दिल्ली: केंद्रीय बजट 2026-27 की तैयारियों ने आज अपने निर्णायक और अंतिम चरण में प्रवेश कर लिया है। नॉर्थ ब्लॉक स्थित बजट प्रेस में आयोजित पारंपरिक ‘हलवा समारोह’ के साथ ही बजट से जुड़े अधिकारियों की ‘लॉक-इन’ प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई। इस अवसर पर केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
यह समारोह हर साल बजट पेश किए जाने से पहले आयोजित किया जाता है, जिसके बाद बजट से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी बाहरी दुनिया से कटकर बजट प्रेस के भीतर ही रहते हैं। वित्त मंत्री ने इस दौरान बजट प्रेस का निरीक्षण किया और बजट निर्माण टीम को उनके कठिन परिश्रम के लिए शुभकामनाएं दीं। आगामी 1 फरवरी, 2026 को संसद में केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा। समारोह के दौरान वित्त मंत्रालय के विभिन्न विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।