नई दिल्ली: राष्ट्रपति भवन में मंगलवार को यूरोपियन काउंसिल के प्रेसिडेंट एंटोनियो कोस्टा और यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन के सम्मान में एक भव्य डिनर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारत और यूरोपीय संघ के बीच रणनीतिक रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वैश्विक अनिश्चितता का जिक्र करते हुए कहा कि भारत और यूरोप साझा दृष्टिकोण रखते हैं और चुनौतियों का सामना सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।
यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भारत के बढ़ते कद की सराहना करते हुए कहा कि भारत अब वैश्विक राजनीति के शिखर पर है और यूरोप इस बदलाव का स्वागत करता है। उन्होंने भारत-यूरोप फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को एक महत्वपूर्ण मोड़ बताया। वहीं, एंटोनियो कोस्टा ने डिफेंस पार्टनरशिप और ‘2030 जॉइंट स्ट्रैटजिक एजेंडा’ पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे आर्थिक और भू-राजनीतिक मजबूती का आधार बताया।